नगर निगम ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

तृणमूल कांग्रेस संचालित बोर्ड ने 4 सालों के कामकाज का लेखा-जोखा नागरिकों के समक्ष रखा नई वृहद पेयजल परियोजना, अंडर-ग्राउंड बिजली, नए-नए वैकल्पिक मार्गों द्वारा ट्रैफिक जाम दूर करने की कवायद गिनाई नगर निगम की कई सेवाएं ऑनलाइन हो गईं अब चरणबद्ध रूप अन्य सेवाओं को भी ऑनलाइन किया जाएगा
नगर निगम ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड
Published on

सिलीगुड़ी : तृणमूल कांग्रेस संचालित सिलीगुड़ी नगर निगम ने अपने अब तक के 4 सालों के काम-काज का रिपोर्ट कार्ड रविवार को जारी किया। इसे लेकर दीनबंधु मंच में विशेष समारोह सह वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। इसमें सम्मिलित शहर के नागरिकों को संबोधित करते हुए मेयर गौतम देव ने अपने वर्तमान बोर्ड के विगत चार सालों के कामकाज का लेखा-जोखा सबके समक्ष प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि, 22 फरवरी 2022 को हम लोगों के नए बोर्ड ने शपथ ली थी। उस दिन से अब तक अनवरत शहर एवं शहरवासियों के विकास के प्रति हम तन-मन-धन से समर्पित हैं। यहां सिलीगुड़ी क्षेत्र में हमें विधायक, सांसद, या मंत्री का सहयोग नहीं है इसके बावजूद नगर निगम ने शहर का अभूतपूर्व विकास किया है। हमारे समक्ष सबसे बड़ी चुनौती पेयजल आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान करना था। उसके लिए नई वृहद पेयजल परियोजना की शुरुआत की गई। अम्रुत-2 के तहत 511 करोड़ रुपये लागत की नई परियोजना के प्रथम व द्वियीय चरण का कार्य जारी है। प्रथम चरण के तहत गजलडोबा स्थित तीस्ता कैनाल से फूलबाड़ी तक 27 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाए जाने का काम लगभग पूरा होने को है। द्वितीय चरण के तहत 287.2 करोड़ रुपये की लागत से फूलबाड़ी में विशाल पॉन्ड रिजर्वर एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। यह नई परियोजना दीर्घकालिक पेयजलापूर्ति हेतु है। इसलिए इसमें समय लग रहा है। इसके पूरा हो जाने पर शहरवासियों को रोजाना 139 मिलयिन लीटर पेयजल मिलने लगेगा जो कि वर्तमान में मात्र 55 मिलियन लीटर दैनिक है।

उन्होंने आगे बताया कि, शहर की दूसरी सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम को काफी हद तक सुधारा गया है। इसका स्थायी उपाय भी किया जा रहा है। फुटपाथ व सड़कों को सख्ती से अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। हिलकार्ट रोड का एक समानांतर वैकल्पिक रोड महानंदा नदी के किनारे-किनारे बनाया जाएगा। उसका सर्वे हो चुका है। 114 करोड़ रुपये की लागत से वह रोड बनेगा। ड्राफ्ट प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी सरकार को भेज चुके हैं। जगह-जगह सड़कों का कायाकल्प किया गया है। बाजारों का कायाकल्प किया जा रहा है। एक और छठा महानंदा ब्रिज बनेगा। गुरुंग बस्ती से चंपासारी और फिर उसके आगे चंपासरी से मिलन मोड़ व गुलमा तक दार्जिलिंग-सिलीगुड़ी मार्ग का एक नया वैकल्पिक मार्ग तैयार हो रहा है। बर्दवान रोड फ्लाईओवर ब्रिज का पीडब्ल्यूडी के हिस्से का सारा काम हो चुका है। केवल मात्र रेलवे ने अपने हिस्से के काम को जान-बूझ कर लटका रखा है। उसके पीछे रणनीति लेकिन उससे कोई असर नहीं पड़ेगा। अब विधानसभा चुनाव बाद ही बर्दवान रोड फ्लाईओवर शुरू हो पाएगा। उसके नीचे की जगह व्यवस्थित पार्किंग एवं नियंत्रित रूप में सड़क किनारे के विस्थापित बाजार वालों के नए बाजार के रूप में उपयोग की जाएगी। बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए भी वहां मनाेरंजन पार्क बनाए जाएंगे।

मेयर ने आगे कहा कि, शहर में बिजली सप्लाई को भी अब अंडर-ग्राउंड किया जा रहा है। अब सिर के ऊपर तारों का जंजाल नहीं होगा। नगर निगम में जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर ट्रेड लाइसेंस आदि के आवेदन व निर्गत करने की सेवा ऑनलाइन कर दी गई है। अन्य सेवाओं को भी ऑनलाइन किया जाएगा। पेपरलेस होने की ओर हम अग्रसर हैं। शहर के इतिहास को भी संजोया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ी भी इसकी सारी जानकारी रख सके। उसके लिए स्मारक ग्रंथ प्रकाशित किया गया है। नगर निगम में एक सिलीगुड़ी म्यूजियम भी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि, टॉक टू मेयर के अब तक 144 एपिसोड पूरे हुए। इस दौरान 3300 शिकायतें सुनी गई हैं व उनके समाधान कराए गए हैं। मानुषेर काछे चलो व अन्य जनसंपर्क अभियान के तहत 25 वार्डों में घर-घर पहुंचा गया है। आगे भी इससे बेहतर सब कुछ करने का प्रयास जारी है।

इस अवसर पर वीडियो प्रस्तुति द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण उपलबिध्यां लोगों को दिखाई गईं। इस अवसर पर मेयर पद्मश्री से सम्मानित डॉ. महेंद्रनाथ रॉय व अन्य कई मेधावियों का अभिनंदन भी किया गया। समारोह में डिप्टी मेयर रंजन सरकार व नगर निगम के अन्य अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों नागरिक सम्मिलित रहे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in