

गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को गंगटोक के रिज पार्क में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए । मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग समेत राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में आम नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने उपस्थित लोगों को राज्य को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान शहरी विकास विभाग के अंतर्गत स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को उनकी सेवाओं के सम्मान में वित्तीय सहायता के चेक प्रदान किए गए। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से मोबाइल ट्रीटमेंट यूनिट के संचालन के लिए तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया। राज्य में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अलावा लोकभवन सिक्किम की पहल और भारतीय स्टेट बैंक के सामाजिक सहयोग से सोरेंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लिए दो एंबुलेंस को भी रवाना किया गया। कार्यक्रम का समापन सिक्किम को स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।