सिक्किम इंस्पायर्स की मध्यावधि समीक्षा बैठक

रोजगार और सतत आजीविका पर जोर
सिक्किम इंस्पायर्स की मध्यावधि समीक्षा बैठक
Published on: 

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने मंगलवार को गंगटोक के सम्मान भवन में विश्व बैंक समर्थित सिक्किम इंस्पायर्स (इंटीग्रेटेड सर्विस प्रोविजन एंड इनोवेशन फॉर रिवाइविंग इकोनॉमीज) कार्यक्रम की मध्यावधि समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम की प्रगति, कार्यान्वयन की चुनौतियों और शेष अवधि की प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यावहारिक कौशल, रोजगार, उद्यमिता और परिवारों की आय में वृद्धि से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने वन फैमिली वन जॉब, मुख्यमंत्री उद्यमिता पहल, आमा योजना, स्वयं सहायता समूहों और होमस्टे जैसी सरकारी पहलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने प्रत्येक जिले में करियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण, रोजगार एवं उद्यमिता संस्थान स्थापित करने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सिक्किम इंस्पायर्स की सफलता केवल निर्धारित लक्ष्यों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक प्रभाव महिलाओं और युवाओं की आजीविका, रोजगार तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता में दिखाई देना चाहिए।

कार्यक्रम निदेशक रोहिणी प्रधान ने बताया कि कुल 50 डिस्बर्समेंट लिंक्ड रिजल्ट्स (डीएलआर) में से 21 लक्ष्य हासिल किए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 42 प्रतिशत है। वहीं, विश्व बैंक की टीम लीड वेरिना फिप्स ने कार्यक्रम की प्रगति की सराहना करते हुए शेष अवधि में रोजगार सृजन, उद्यमों के विकास और दीर्घकालिक संस्थागत स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता जताई।

मुख्य सचिव आर. तेलांग ने विभागीय समन्वय, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि विकसित सिक्किम 2047 के लक्ष्य के लिए सरकारी नौकरियों के अलावा रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों को भी बढ़ावा देना होगा।

बैठक में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, विश्व बैंक प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News