गंगटोक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने राज्य की माताओं के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘आमा सम्मान’ पहल के तहत दो नए पुरस्कारों की घोषणा की है। ये पुरस्कार द्वितीय आमा सम्मान दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन रंगपो खेल मैदान में भव्य रूप से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सम्मान भवन में आयोजित एक समन्वय बैठक के दौरान की, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह आयोजन 9वें जन उन्मुक्ति दिवस समारोह के साथ आयोजित होगा। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम स्थल को बदलकर रंगपो खेल मैदान किया गया है। नई पुरस्कार योजनाओं के तहत ‘आमा सम्मान पुरस्कार’ के लिए राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक योग्य माता का चयन किया जाएगा। चयनित माताओं को 51,000 की नकद राशि प्रदान की जाएगी। यह सम्मान विशेष रूप से उन माताओं को दिया जाएगा, जो ‘आमा सशक्तिकरण योजना’ की लाभार्थी नहीं हैं।
इसके अलावा सरकार ने ‘प्रगतिशील आमा पुरस्कार’ की भी शुरुआत की है। इसके तहत उन तीन माताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने ‘आमा सशक्तिकरण योजना’ के तहत मिली आर्थिक सहायता का बेहतर और प्रेरणादायक उपयोग किया है। इस पुरस्कार के तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं को क्रमश 5 लाख, 3 लाख और 2 लाख की राशि दी जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों और पुरस्कार विजेताओं का चयन पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य की माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने माताओं के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और परिवार एवं समाज के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।