सिक्किम और उत्तराखंड में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा

जेयूएस प्रतिनिधिमंडल ने सतपाल महाराज से की मुलाकात, धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर हुआ विचार-विमर्श
सिक्किम और उत्तराखंड में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा
Published on: 

गंगटोक : जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ सिक्किम (जेयूएस) की कार्यकारी समिति ने रविवार को रंगपो में उत्तराखंड सरकार के पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मंत्री तथा मानव धर्म के प्रणेता सतपाल महाराज से मुलाकात की। इस दौरान सिक्किम और उत्तराखंड के बीच पर्यटन विकास, धार्मिक पर्यटन तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

जेयूएस अध्यक्ष प्रवीण खालिंग के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सतपाल महाराज को उनके 75वें जन्मोत्सव पर बधाई दी। साथ ही सिक्किम में आयोजित दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन में शामिल होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों की भौगोलिक समानताओं और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। सतपाल महाराज ने कहा कि सिक्किम में निर्मित चारधाम उन श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक विकल्प है, जो विभिन्न कारणों से उत्तराखंड स्थित चारधाम तीर्थस्थलों तक नहीं पहुंच पाते।

उन्होंने उत्तराखंड में पुराने झूला पुलों को कैफे और रेस्तरां के रूप में विकसित करने की पहल का भी उल्लेख किया। इसके अलावा धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के जरिए आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

जेयूएस अध्यक्ष प्रवीण खालिंग ने कहा कि सिक्किम के पत्रकार उत्तराखंड में तीर्थाटन, धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े प्रयासों का अध्ययन करने के लिए भ्रमण करना चाहते हैं। सतपाल महाराज ने भी इस दिशा में भविष्य में आवश्यक पहल किए जाने की संभावना जताई।

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने जेयूएस प्रतिनिधियों के माध्यम से सिक्किमवासियों और अपने अनुयायियों को दशहरा एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात में जेयूएस के उपाध्यक्ष दिलीप छेत्री, महासचिव सूरज लिम्बू, कोषाध्यक्ष अंबर लाछिकाठी, सहसचिव संदीप प्रसाद और कार्यकारी सदस्य बब्बु तमांग उपस्थित थे। यह जानकारी यूनियन की प्रचार सचिव अनुशीला शर्मा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in