सिक्किम विधानसभा में 18,455 करोड़ के बजट को मंजूरी, विकास पर जोर

सिक्किम विभानसभा
सिक्किम विभानसभा
Published on

गंगटोक: सिक्किम विधानसभा का चार दिवसीय सामान्य बजट सत्र 2026-27 बुधवार को संपन्न हो गया। सत्र के दौरान सदन ने 18,455 करोड़ के वार्षिक बजट, सिक्किम विनियोग विधेयक, 2026 तथा बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड वोकेशनल एजुकेशन, सिक्किम विधेयक, 2026 को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने बजट को जनकल्याण, आधारभूत संरचना, रोजगार और सतत विकास पर केंद्रित बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य 'सुनौलो, समृद्ध व समर्थ सिक्किम' के विजन को साकार करना है। मुख्यमंत्री ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा कि सिक्किम आर्थिक रूप से पूरी तरह स्थिर है। उन्होंने बताया कि 18,455 करोड़ का बजट, समय पर वेतन भुगतान और विकास योजनाओं का क्रियान्वयन राज्य की मजबूत वित्तीय व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के ऋण निर्धारित सीमा के भीतर हैं और उनका उपयोग उत्पादक सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जा रहा है।

किसान, महिला, युवा और स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात

बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। किसान क्रेडिट कार्ड ऋण पर समय पर भुगतान करने वाले किसानों को प्रभावी रूप से एक प्रतिशत ब्याज दर का लाभ मिलेगा। कृषि, डेयरी और सूअर पालन से जुड़े पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार सहायता योजना के तहत बिना जमानत 5 लाख तक की सहायता जारी रहेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में एसटीएनएम अस्पताल में सिक्किम के पहले किडनी ट्रांसप्लांट कार्यक्रम की शुरुआत, 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की गई। चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए श्रीमती सिक्किम लेप्चा मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों के साथ पढ़ाई शुरू होगी। इनमें 50 सीटों पर मेधावी सिक्किमी छात्रों की ट्यूशन फीस माफ रहेगी। इसके अलावा मणिपुर में अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें मिलने से राज्य के छात्रों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

विकास की रफ्तार बढ़ाने पर जोर

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में 570 किलोमीटर सड़कों के कालीनकरण, पर्यटन एवं शिक्षा संस्थानों तक बेहतर संपर्क, इंटीग्रेटेड कल्चर एंड स्पोर्ट्स विलेज और नए कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही गई। विधानसभा अध्यक्ष मिंगमा नोर्बू शेर्पा ने बजट को जनहित और राज्य के विकास को गति देने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने समावेशी विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा सुधार और आर्थिक प्रगति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 सुरंग दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in