दिनदहाड़े सात महीने की बच्ची की चोरी, पुलिस की तलाश जारी

दिनदहाड़े सात महीने की बच्ची की चोरी, पुलिस की तलाश जारी
फुटेज देखती पुलिस
Published on

अलिपुरदुआर: दिनदहाड़े अलिपुरदुआर जंक्शन के दक्षिण चेचाखाता इलाके में शुक्रवार को एक सात महीने की नन्ही बच्ची की चोरी की सनसनीखेज घटना से पूरा इलाका दहल गया। दोपहर के समय घर से अचानक बच्ची गायब हो जाने से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को बच्ची की मां उसे सुलाकर नहाने गई थी। उस समय बच्ची के दादा कमरे में खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे। वहीं बच्ची के पिता जयदीप घोष, जो कि एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। कुछ देर बाद जब मां नहाकर बाहर आईं, तो देखा कि बिस्तर पर सो रही उनकी सात महीने की बेटी गायब है। परिवार के सदस्यों ने घर और आसपास के हर कोने में बच्ची को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ करने पर भी कुछ पता नहीं चला। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अलिपुरदुआर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौके पर स्वयं अलिपुरदुआर के पुलिस अधिकारी एसडीपीओ श्रीनिवास एम.पी. मौके पर पहुंचे और परिजनों व स्थानीय लोगों से बात कर मामले की जांच शुरू की। इस विषय पर स्थानीय लोगों ने बताया कि उसी समय आसपास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध महिला दिखाई दी है, जो एक टोटो में किसी बच्चे जैसे सामान को लेकर जा रही थी। पुलिस ने जब फुटेज देखा, तो शक पुख्ता हो गया कि वही महिला इस घटना में शामिल हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य सड़कों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से डॉग स्क्वाड भी बुलाया। खोजी कुत्ते ने मौके से कुछ दूरी तक गंध पकड़ते हुए रास्ता दिखाया, जिसके आधार पर टीम ने इलाके को घेरकर सघन तलाशी शुरू की। हालांकि अभी तक बच्ची की जानकारी नहीं मिली है |

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in