

सिलीगुड़ी ः केंद्रीय पत्तन, जहाजरानी व जलमार्ग राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा है कि केंद्र में 11 साल से सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने देश की सुरक्षा एवं विशेष कर देश के चिकेन नेक की सुरक्षा व्यवस्था पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया है व दे रही है। इस कड़ी में बंगाल और विशेष की उत्तर बंगाल में आधारभूत संरचनात्मक विकास से लेकर सामरिक व्यवस्था तक का खूब विकास हुआ है व हो रहा है। बंगाल पूरे पूर्वोत्तर भारत का प्रवेशद्वार है और पूर्वोत्तर भारत के विकास के लिए बंगाल का विकास भी बहुत जरूरी है। इस पर देश की पहले की सरकाराें ने कोई ध्यान नहीं दिया। उलटे विकास को बंद रखा। जबकि, गत 11 वर्षों में देश की मोदी सरकार ने आमूलचूल परिवर्तन भरा विकास किया है। गत 70 सालों में देश में ऐसा विकास कभी नहीं हुआ। गत 11 साल बेमिसाल।
वह बुधवार को सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी स्थित भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कार्यालय में संवाददाताओं को विशेष सत्र में संबोधित कर रहे थे। केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य देश भर की भांति यहां भी भाजपा की ओर से 'विकसित भारत के 11 वर्ष' शीर्षकीय इस विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया था। इसमें मंत्री ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने धारा 370 को खत्म कर कश्मीर को नई आजादी दी। 3 तलाक को खत्म कर अल्पसंख्यक समाज में सुधार किया। सीएए ला कर देश की नागरिकता व्यवस्था को बेहतर किया। देश को विश्व गुरु बनाने हेतु तृतीय बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने को अग्रसर है। आधारभूत संरचनात्म्क विकास पर खूब जोर दिया जा रहा है। देश में नए 40 एयरपोर्ट बनाए गए हैं और 70 एयरपोर्ट का कायाकल्प किया गया है। अमृत भारत योजना के तहत 1500-2000 रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक किया गया है। गरीबी कम हुई है। निवेश एवं व्यवसाय बढ़ा है। भारतीय उत्पादन बढ़ा है। विश्व के बाजारों में भारतीय उत्पादों का विपणन बढ़ा है। उन्होंने अनेक योजनाओं के नाम गिनाए और कहा कि अब जा कर वास्तव में भारत विकसित हुआ है। मगर, बंगाल में कई योजनाओं को राज्य सरकार कार्यान्वित नहीं होने दे रही है। इसीलिए बंगाल व बंगाल के लोग प्रभावित हो रहे हैं। मगर, आगामी 2026 (विधानसभा चुनाव) में बंगाल की सूरत बदल जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल व अन्य कई सम्मिलित रहे।