

सिलीगुड़ी : फुलबाड़ी के अमैदिघी जूनियर बेसिक स्कूल परिसर में गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। शव स्कूल के मिड-डे मील किचन और कक्षाओं के बीच बने शेड में मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।स्कूल के टीआईसी संजीव सरकार के अनुसार, सुबह करीब 7.30 बजे एक शिक्षक की नजर शेड में पड़े शव पर गई। इसके बाद स्कूल के शिक्षक और कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी गई। आसपास के स्थानीय लोगों को भी सूचना दी गई, लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की।स्थानीय निवासी मिराज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह सुबह करीब 7 बजे मौके पर पहुंचे थे। उनके अनुसार, इलाके के किसी व्यक्ति ने भी मृतक को पहचानने की बात नहीं कही है।
इधर, स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि फोरलेन विस्तार कार्य के दौरान स्कूल की पुरानी चारदीवारी तोड़ दी गई थी। इसके बाद स्कूल परिसर का एक बड़ा हिस्सा खुला रह गया है। आरोप है कि चारदीवारी नहीं होने के कारण बाहरी लोगों का स्कूल परिसर में प्रवेश आसान हो गया है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द स्कूल की चारदीवारी कराने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NBMCH) भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।