

सिलीगुड़ी : विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा शुक्रवार को सिलीगुड़ी शहर में पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई है। शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में पूजा आयोजनों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सिलीगुड़ी कॉलेज में सरस्वती पूजा के अवसर पर विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूजा और दर्शन को लेकर ऐसा उत्साह रहा कि कॉलेज पाड़ा इलाके में काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ इतनी अधिक थी कि पूरे कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में मेले जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया। पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राएं, ढाक की थाप, फोटो खिंचवाने की होड़ और पूजा मंडपों की सजावट ने माहौल को और भी मंत्रमुग्ध कर देने वाला बना दिया।
इस दिन सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में भी सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन हुआ। इसमें मेयर गौतम देव व एसजेडीए के चेयरमैन दिलीप दूगड़ भी सम्मिलित हुए। प्रधान नगर स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के शिक्षण संस्थान 'नीर' - द नेस्ट ऑफ केयर में भी विशिष्ट शिक्षक चिरंजीव गुप्ता के संयोजन में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन हुआ जिसमें बच्चों व उनके अभिभावकों ने भाग लिया। ऐसे ही जगह-जगह विभिन्न संगठनों, संस्थाओं व संस्थानों में विविध रूप में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया। छात्रों ने मां सरस्वती से ज्ञान, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दिन सड़कों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती रही। यातायात व्यवस्था को संभालने में पुलिस और स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत उठानी पड़ी। हालांकि, कहीं से भी किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं आई। सरस्वती पूजा के इस पावन अवसर पर सिलीगुड़ी में आस्था, संस्कृति और युवा उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।