एसएसबी की तिरंगा रैली से गूंजा साक्योंग

तिरंगा रैली में शामिल एसएसबी जवान व विद्यार्थी
तिरंगा रैली में शामिल एसएसबी जवान व विद्यार्थी
Published on

गेजिंग: 36वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल, गेजिंग की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को साक्योंग में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना था। 36वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट जितेंद्र जोशी के नेतृत्व में रैली सरकारी माध्यमिक विद्यालय, साक्योंग से शुरू होकर साक्योंग गांव तक पहुंची। इसमें एसएसबी के अधिकारी एवं जवानों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे देशभक्तिपूर्ण नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी किया गया।


विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण गीतों और नारों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की गई। कार्यवाहक कमांडेंट जितेंद्र जोशी ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान, प्रतिष्ठा और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने वाला जनअभियान है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया। रैली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश प्रसारित किया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in