सड़कों के रखरखाव का मंत्री ने किया निरीक्षण

सड़कों के रखरखाव का मंत्री ने किया निरीक्षण
Published on: 

सिंगताम : सिक्किम में मानसून के बाद सड़कों की स्थिति का जायजा लेने और मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों में तेजी लाने के लिए चलाए जा रहे राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान के तहत सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री तथा 17-सिंगताम–खामदोंग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक एनबी दाहाल ने मंगलवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों का व्यापक निरीक्षण किया।

इस दौरान मंत्री के साथ सड़क एवं पुल विभाग के सचिव, मुख्य अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोके चिसोपानी रोड, साक्युंग रोड, दिपुदारा रोड, थानसिंग रोड, रापेम गुम्पा रोड, पातुक चांदे रोड, एनआईटी खामदोंग रोड और रंगटु रोड का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री दाहाल ने सड़कों की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ चल रहे मरम्मत, पुनर्स्थापन एवं विकास कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं और विभागीय अधिकारियों को सभी सड़क परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने, निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा निर्माण एवं रखरखाव में उच्च गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण दल में मत्स्य विभाग के सलाहकार एम प्रसाद तिमसिना, विधायक के ओएसडी शर्मिला छेत्री, सीएलसी अध्यक्ष शेराप दोर्जी भूटिया, सिंगताम नगर पंचायत के प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य तथा पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि मानसून की वापसी के बाद से मंत्री एनबी दाहाल राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का लगातार दौरा कर सड़क आधारभूत संरचना की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए वह 25 नवंबर को सालघारी–जूम निर्वाचन क्षेत्र में सड़क संबंधी परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे।

राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए इस अभियान का उद्देश्य सिक्किम के सभी क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ बनाना है, ताकि आम लोगों एवं दैनिक यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News