

मिरिक : नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के उद्देश्य से रविवार को दार्जिलिंग के चौरस्ता में ‘रन फॉर नेपाल’ का आयोजन किया गया। ऑफट्रैक मूवमेंट और विक्रन फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में खेल के साथ मानवीय सहयोग का संदेश दिया गया। दौड़ चौरस्ता से शुरू होकर लेबोंग होते हुए वापस चौरस्ता पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें करीब 40 धावकों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, अभियान के तहत तीन दिनों में 25 हजार रुपये जुटाए गए हैं। पूरी राशि नेपाल में चल रहे राहत कार्यों के लिए भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में दार्जिलिंग के पुराने मैराथन धावकों में शामिल जय बहादुर सुब्बा भी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि उनकी उपस्थिति ने पहाड़ में लंबी दूरी की दौड़ की पुरानी परंपरा और इस खेल से जुड़ रही नई पीढ़ी के बीच एक कड़ी का काम किया। कई लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से दौड़ में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन राहत अभियान के लिए आर्थिक सहयोग दिया। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि खेल के माध्यम से भी जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सकती है। इस पहल में स्थानीय धावकों के साथ अन्य सहयोगियों और शुभचिंतकों ने भी योगदान दिया।
विक्रन फाउंडेशन के प्रमुख विक्रम राई ने कहा कि ‘रन फॉर नेपाल’ के जरिए दौड़ को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय सहयोग से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए आयोजित इस अभियान में अलग-अलग वर्गों के लोगों का सहयोग मिला। आयोजक समिति ने कार्यक्रम को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग के लिए दार्जिलिंग पुलिस का आभार जताया। पुलिस की ओर से दौड़ के दौरान पायलट बाइक और सपोर्ट वाहन उपलब्ध कराए गए थे। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।