

सिलीगुड़ी: भारतीय सेना के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गुवाहाटी पुलिस ने सिलीगुड़ी से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हर्ष अग्रवाल (30) के रूप में हुई है। आरोप है कि एक अंतरराज्यीय गिरोह ने सेना के लिए सामान की आपूर्ति करने के नाम पर गुवाहाटी की एक कंपनी से करीब 11.50 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इस मामले में सिलीगुड़ी से गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी स्थित मेसर्स ग्लोबल ट्रेडर्स को कथित तौर पर सेना के लिए सामान की आपूर्ति का फर्जी ऑर्डर दिया गया था। इसके लिए सेना के अधिकारियों की नकली पहचान और फर्जी वित्तीय दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। गिरोह ने खुद को सेना से जुड़ा बताकर कंपनी का विश्वास जीता और अलग-अलग किस्तों में करीब 11 करोड़ 50 लाख 56 हजार 180 रुपये की रकम हासिल कर ली।
मामले की शिकायत मिलने के बाद गुवाहाटी पुलिस की पानबाजार थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने सिलीगुड़ी से हर्ष अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी से जुड़े दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई है। मामले में हर्ष का भाई आयुष अग्रवाल भी कथित तौर पर शामिल है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद हर्ष को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर गुवाहाटी ले जाया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।