

सिलीगुड़ी : त्यौहार और पूजा का मौसम शुरू होने से पहले सिक्किम के कई हिस्सों में भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।सिक्किम की लाइफलाइन मानी जाने वाली 10 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के 20 माइल इलाके में सड़क पर पानी, कीचड़ और पत्थर आ जाने से यातायात बाधित हो गया है। कीचड़ में एक ट्रक भी फंस गया, जिसके बाद इस हिस्से से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। फिलहाल वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। पूजा के दौरान सिक्किम घूमने की तैयारी कर रहे पर्यटकों में भी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। चालकों के अनुसार, सिंगताम जिला अस्पताल के पास से स्वाने-दुगा-वेस्ट पेंडम की ओर जाने वाली ऊपरी सड़क पर भी आवाजाही में परेशानी हो रही है। यह मार्ग वेस्ट पेंडम, रेकप, आदर्श गांव और सामरदुंग समेत कई इलाकों को जोड़ता है। साथ ही, रंगपो की ओर जाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता है। 10 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के 20 माइल और बारदांग इलाके में पहले भूस्खलन के कारण सड़क बंद होने के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों ने इन वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, अब इन सड़कों के कई हिस्सों की हालत को लेकर चालक सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त और ऊबड़-खाबड़ है। इससे कार, स्कूटर और बाइक चलाने में परेशानी हो रही है और वाहनों के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है। रविवार को सिक्किम पुलिस के ट्रैफिक अपडेट के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में अभी भी कई सड़कें बंद हैं। हालांकि कुछ महत्वपूर्ण मार्गों पर हल्के वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई है।गंगटोक जिले में ज्यादातर सड़कें खुली हैं, लेकिन सिंगताम से रंगपो जाने वाले दो वैकल्पिक मार्गों पर केवल हल्के वाहनों को अनुमति है। पाक्योंग जिले में भी अधिकांश सड़कें चालू हैं। वहीं रोराथांग और पदमचे-दुगा मार्ग खुले हैं। आहो मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के कारण निर्धारित समय में यातायात नियंत्रित किया जा रहा है। मंगन जिले में भी कई मार्ग प्रभावित हैं। राकदुंग-टिनटेक मार्ग पर लाबरगारी के पास जिम नाला क्षेत्र में यातायात बंद है। हालांकि फोदोंग होकर मंगन-गंगटोक मार्ग और मंगन-चुंगथांग के कुछ रास्ते हल्के वाहनों के लिए खोल दिए गए हैं। वहीं नामची जिले में रावंगला़-यांगगांग और फोंगला-बारमोइक मार्ग के कुछ हिस्से बंद हैं। ग्यालशिंग जिले में सोपाखा-चियोवाभांग्यांग और रिम्बी-युकसोम मार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित है। बाकी कई मार्गों पर यातायात सामान्य बताया गया है। पूजा से पहले सड़क व्यवस्था जल्द सामान्य करना पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।