

सिलीगुड़ी: शहर के सेवक रोड स्थित चर्चित मिठाई दुकान एक बार फिर खाने की गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में है। रविवार को यहां डोसा खाने पहुंची एक महिला ने मसाला डोसे के अंदर प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने का आरोप लगाया है। महिला ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और मामले की औपचारिक शिकायत करने पहुंचीं।महिला के मुताबिक, उन्होंने दुकान से मसाला डोसा मंगाया था। डोसा खाते समय उन्हें उसके अंदर कुछ अलग नजर आया। जांच करने पर वह प्लास्टिक का टुकड़ा होने का आरोप लगाया गया। इसके बाद महिला ने घटना का वीडियो बनाया और इसकी शिकायत की। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रतिष्ठान से जुड़ी खाद्य गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पूर्व में सामने आई अनियमितताओं के बाद नगर निगम के आयुक्त निरीक्षण के लिए पहुंचे थे और संबंधित कारखाने को सील किया गया था।ऐसे में कारखाने पर कार्रवाई के बाद भी दोबारा खाने में कथित तौर पर प्लास्टिक मिलने की शिकायत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला द्वारा बनाए गए वीडियो में भी खाने में प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने का दावा किया गया है। अब शिकायत के बाद संबंधित विभाग मामले की जांच करता है या नहीं और खाने के नमूने की जांच में क्या सामने आता है, इस पर नजर रहेगी। घटना के बाद एक बार फिर शहर के बड़े और ब्रांडेड खाद्य प्रतिष्ठानों में खाने की गुणवत्ता, स्वच्छता और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।