राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सिक्किम सरकार 4 पत्रकारों को करेगी सम्मानित

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सिक्किम सरकार 4 पत्रकारों को करेगी सम्मानित
Published on: 

गंगटोक : राष्ट्रीय प्रेस दिवस (16 नवंबर) के अवसर पर सिक्किम सरकार पत्रकारिता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले राज्य के चार पत्रकारों को सम्मानित करेगी।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस प्रत्येक वर्ष 16 नवंबर को भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दिली राम दुलाल को पत्रकारिता में उनके २३ वर्षों से अधिक के अनुभव तथा संपादकीय नेतृत्व, साहित्य और जनहित से जुड़े विषयों पर उल्लेखनीय योगदान के लिए वाई. एन. भंडारी सर्वश्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

इसी प्रकार, सीएनएन-न्यूज18 और सिक्किम रिपोर्टर की राज्य संवाददाता सृष्टि प्रधान को जलवायु परिवर्तन से संबंधित मुद्दों पर व्यापक रिपोर्टिंग के लिए मुख्यमंत्री जलवायु परिवर्तन रिपोर्टिंग पुरस्कार 2026 प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष २०२३ में हिमनद झील विस्फोट से आई बाढ़ (जीएलओएफ) तथा हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन से जुड़ी अन्य घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डिजिटल मीडिया मंच सिक्किम अवलोकन की संस्थापक अर्चना प्रधान को महिलाओं की उपलब्धियों, समस्याओं और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को पत्रकारिता के माध्यम से उजागर करने के लिए मुख्यमंत्री महिला मुद्दे रिपोर्टिंग पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, सिक्किम वॉइस के संस्थापक जीवन लिम्बू को मानव गरिमा, जनकल्याण और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर जनकेंद्रित पत्रकारिता के लिए मुख्यमंत्री मानवाधिकार रिपोर्टिंग पुरस्कार 2026 प्रदान किया जाएगा।

इन पुरस्कारों के माध्यम से सामाजिक, पर्यावरणीय और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News