

गंगटोक : सिक्किम एथलेटिक्स एसोसिएशन के नेतृत्व में सात खिलाड़ियों और तीन अधिकारियों सहित 10 सदस्यीय सिक्किम टीम 23 से 27 अक्टूबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हुई।
टीम में तीन बालक और चार बालिका खिलाड़ी शामिल हैं, जो अंडर-१६, अंडर-१८ और अंडर-20 आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। टीम का नेतृत्व प्रबंधक हिसे तेनजिंग भूटिया कर रहे हैं। उनके साथ प्रशिक्षक आर. बी. सुब्बा और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अविका टी. कालेओन भी हैं।टीम के बागडोगरा से चेन्नई के लिए उड़ान भरने और 21 अक्टूबर की रात तक वहाँ पहुँचने का कार्यक्रम निर्धारित था। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले 22 अक्टूबर को खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और राष्ट्रीय स्तर पर सिक्किम का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
सिक्किम एथलेटिक्स एसोसिएशन ने राज्य में एथलेटिक्स को बढ़ावा देने तथा युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग के सचिव के प्रति आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने में सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण है। सिक्किम की टीम के 28 अक्टूबर को राज्य लौटने का कार्यक्रम है।