राज्यपाल से आईसीएआर वैज्ञानिकों ने की शिष्टाचार भेंट

राज्यपाल से आईसीएआर वैज्ञानिकों ने की शिष्टाचार भेंट
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम से रविवार को लोक भवन में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के उत्तर-पूर्वी पर्वतीय क्षेत्र अनुसंधान परिसर, तादोंग केंद्र के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. अशोक कुमार ने संस्थान के अन्य वैज्ञानिकों के साथ शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान डॉ. अशोक कुमार ने राज्यपाल को सिक्किम में आईसीएआर केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न कृषि गतिविधियों, नवाचारों एवं अनुसंधान कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को आगामी 26 और 27 नवंबर को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। सम्मेलन का विषय ‘नवाचार, लचीलापन और उद्यमिता के माध्यम से पर्वतीय कृषि-खाद्य प्रणाली का रूपांतरण’ है। इसका आयोजन आईसीएआर-एनईएच क्षेत्र, सिक्किम केंद्र और इंडियन एसोसिएशन ऑफ हिल फार्मिंग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने वैज्ञानिकों के साथ राज्य में कृषि विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को कृषि की ओर आकर्षित करने, सिक्किम के विशिष्ट कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग तथा उनके लिए प्रभावी बाजार और आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने सिक्किम की भारत के प्रथम जैविक राज्य के रूप में पहचान का उल्लेख करते हुए जैविक उत्पादन को और बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सिक्किम के जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर पहचान एवं स्थान दिलाने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि इसका प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ स्थानीय किसानों को मिल सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News