राज्यपाल ने किया पाक्योंग हवाई अड्डे का निरीक्षण

नाइलिट की एआई लैब का भी किया दौरा, दिए आवश्यक निर्देश
राज्यपाल ने किया पाक्योंग हवाई अड्डे का निरीक्षण
Published on: 

पाक्योंग : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने गुरुवार को अपने पाक्योंग जिले के आधिकारिक दौरे के दौरान पाक्योंग हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हवाई अड्डे की वर्तमान स्थिति, परिचालन व्यवस्था तथा हवाई सेवाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने पाक्योंग हवाई अड्डे से संचालित एवं बाधित हवाई उड़ानों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए हवाई अड्डे के सुचारू संचालन, तकनीकी चुनौतियों तथा परिचालन संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर हवाई संपर्क सुनिश्चित करने और संचालन संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

अपने दौरे के क्रम में राज्यपाल ने राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) में स्थापित ''इंडिया एआई डेटा एवं एआई लैब'' का भी दौरा किया। इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा प्रायोजित तथा ''इंडिया एआई मिशन'' के तहत संचालित यह प्रयोगशाला प्रशिक्षण और डेटा आधारित कौशल विकास के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में दक्ष कार्यबल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए गए नवाचारी प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की नवाचार क्षमता और तकनीकी दक्षता से ही डिजिटल भारत के सपने को साकार करने में मदद मिल रही है। इस अवसर पर जिला प्रशासन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण तथा नाइलिट के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News