

सिलीगुड़ी : राधाष्टमी के अवसर पर शनिवार राधारानी की जयंती को लेकर सिलीगुड़ी का इस्कॉन मंदिर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। राधा-कृष्ण के विशेष पूजन और धार्मिक आयोजनों को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। राधाष्टमी के अवसर पर मंगल आरती, राधा-कृष्ण की विशेष पूजा, कीर्तन, भोग अर्पण समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर परिसर में अंतिम तैयारियां पूरी की गई और पूरे वातावरण में भक्ति व आध्यात्मिकता का रंग देखने को मिला। राधारानी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए सिलीगुड़ी के अलावा आसपास के विभिन्न इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचे। राधाष्टमी के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति के जयकारों से गूंजा।