काली पूजा पर पटाखों के शोर और प्रदूषण को लेकर उठे सवाल

काली पूजा पर पटाखों के शोर और प्रदूषण को लेकर उठे सवाल
Published on: 

सिलीगुड़ी : काली पूजा के दौरान तेज आवाज वाले पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद सिलीगुड़ी में जमकर आतिशबाजी हुई। देर रात तक पटाखों के शोर से शहर के कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसको लेकर वायु और ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा सोशल मीडिया पर भी गरमाया रहा। इसी बीच पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पिछले वर्षों के प्रदूषण संबंधी आंकड़े साझा करते हुए सरकार का पक्ष रखा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरकार बदलने के बाद से काली पूजा के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई है।

मंत्री के अनुसार, 4 नवंबर 2021 को काली पूजा के दिन सिलीगुड़ी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 130 था, जबकि वर्ष 2026 में यह घटकर 83 दर्ज किया गया। उन्होंने इन आंकड़ों को वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत बताया।

वहीं, ध्वनि प्रदूषण के आंकड़े साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 में काली पूजा के दौरान शाम 7 बजे से रात 11 बजे के बीच ध्वनि का स्तर 120 से 124 डेसिबल के बीच था। इसके मुकाबले वर्ष 2026 में इसी समयावधि के दौरान यह स्तर 107 से 110 डेसिबल के बीच रहा।

मंत्री का कहना है कि इन आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि काली पूजा के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण में कमी आई है। हालांकि, दूसरी ओर शहरवासियों की ओर से तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल और प्रतिबंधों के पालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में आंकड़ों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर नियमों का कितना पालन हो रहा है, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News