

गंगटोक : सिक्किम पुलिस के पुलिस निरीक्षक सिलास तामांग को आपराधिक जांच के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्रदान किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें जांच श्रेणी के तहत इस सम्मान के लिए चुना गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गेजिंग में थाना प्रभारी (एसएचओ) के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस निरीक्षक तामांग ने दो महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों की जांच की थी। इन दोनों मामलों में दोषी व्यक्तियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इन्हीं मामलों की प्रभावी और उत्कृष्ट जांच के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।
वर्तमान में पुलिस निरीक्षक तामांग गंगटोक ट्रैफिक ब्रांच में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों से चयनित कुल 490 पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्हें वर्ष 2026 के इस प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक की घोषणा की जाती है। यह पदक अपराध की जांच, विशेष अभियान और अन्य संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को प्रदान किया जाता है।