पूजा से पहले महंगा हुआ गैस, बढ़ेंगे खाने के दाम

कमर्शियल सिलेंडर के दाम 71.50 रुपये बढ़े, छोटे होटल और फास्ट फूड दुकानों में 5 से 10 रुपये तक कीमत बढ़ाने की तैयारी
Gas cylinder
Gas cylinder
Published on: 

सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा से पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने का असर अब खाने की थाली पर भी पड़ने की आशंका है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एकमुश्त 71.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद सिलीगुड़ी में इसकी कीमत बढ़कर 3,228.50 रुपये हो गई है। गैस की कीमत बढ़ते ही छोटे भोजनालयों, पाइस होटल और फास्ट फूड दुकानों में खाने की कीमत बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। कारोबारियों के अनुसार, कुछ जगहों पर प्रति प्लेट करीब 5 रुपये, जबकि भात, मछली और मांस जैसे व्यंजनों की कीमत में 5 से 10 रुपये तक बढ़ोतरी की जा सकती है। ऐसे में पूजा के दौरान बाहर खाना खाने वाले लोगों के खर्च पर इसका असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, बड़े रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबारियों का एक वर्ग फिलहाल खाने की कीमत बढ़ाने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना है कि पूजा से ठीक पहले कीमत बढ़ाने से ग्राहकों के बीच गलत संदेश जा सकता है। इसलिए अतिरिक्त गैस खर्च को कुछ समय तक अपने मुनाफे से संभालने की कोशिश की जाएगी। वहीं, छोटे कारोबारियों के लिए बढ़ी लागत को बिना कीमत बढ़ाए संभालना मुश्किल बताया जा रहा है। एसएफ रोड के रेस्टोरेंट व्यवसायी निर्मल साहा का कहना है कि गैस की कीमत बढ़ने के तुरंत बाद खाने की कीमत बढ़ाना ग्राहकों को अच्छा नहीं लगेगा। इसलिए फिलहाल मुनाफे का हिस्सा कम करके अतिरिक्त खर्च संभालने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि पूजा से पहले यदि ग्राहक रेस्टोरेंट में आकर फिर से बढ़ी हुई कीमत देखें, तो इसका अच्छा असर नहीं पड़ेगा।

कॉलेजपाड़ा के मिठाई व्यवसायी संजीव घोष ने भी इसी तरह की बात कही। उनके अनुसार, गैस और चीनी की कीमत बढ़ने के बाद पहले ही मिठाइयों की कीमत बढ़ाई जा चुकी है।ऐसे में पूजा से पहले दोबारा कीमत बढ़ाना उचित नहीं होगा।उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान उनके कारोबार में रोजाना छह से अधिक कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, ऐसे में गैस की बढ़ी कीमत कारोबार पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है। दूसरी ओर, हिलकार्ट रोड स्थित विश्वदीप सिनेमा हॉल के सामने के पाइस होटलों में कीमत बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां इलाज या काम के सिलसिले में बाहर से सिलीगुड़ी आने वाले कई लोग भोजन करते हैं। व्यवसायी रूपनारायण सरकार ने बताया कि दुकान किराये पर चलती है और गैस की कीमत का सीधा असर खाने की लागत पर पड़ता है। इसलिए भात, मछली और मांस की प्रति प्लेट कीमत में 5 से 10 रुपये तक बढ़ोतरी की जा सकती है।चंपासारी मोड़ के पास फास्ट फूड दुकान चलाने वाले बप्पा सिंह ने बताया कि सभी आइटम की कीमत में 5 रुपये बढ़ाने का फैसला किया गया है। उनके अनुसार, घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ है, इसलिए कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ी कीमत का भार छोटे दुकानदारों के लिए मुश्किल पैदा कर रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in