ट्रैफिक जाम से मुक्ति की दिशा में पुलिस का बड़ा कदम

- सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने शुरू की दैनिक ‘ट्रैफिक बुलेटिन’ सेवा - आम लोगों को मिलेगा रियल-टाइम अपडेट
siliguri city
siliguri city
Published on

सिलीगुड़ी : शहर को यातायात जाम से राहत दिलाने और लोगों की रोजमर्रा की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस आयुक्त (सीपी) के निर्देश पर कमिश्नरेट क्षेत्र में नियमित ‘ट्रैफिक बुलेटिन’ जारी करने की सेवा शुरू कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य है शहरवासियों को पहले से ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी देना, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय जाम से बच सकें और समय की बचत हो सके।

दिन में दो बार मिलेगा अपडेट

जानकारी के अनुसार, यह ट्रैफिक बुलेटिन हर दिन दो निर्धारित समय पर जारी किया जाएगा। पहला बुलेटिन सुबह 8 बजे- यह ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्रों और कामकाजी लोगों को सुबह की ट्रैफिक स्थिति की जानकारी देगा।

दूसरा बुलेटिन शाम 4 बजे- यह लोगों को शाम के जाम, बाज़ार क्षेत्र की भीड़भाड़ और घर लौटने के रास्तों की स्थिति से अवगत कराएगा।

इन दो समयों के अलावा भी, यदि किसी क्षेत्र में अचानक ट्रैफिक बढ़ जाए, दुर्घटना हो जाए या सड़क मरम्मत, जुलूस, वीआईपी मूवमेंट जैसी वजहों से ट्रैफिक बाधित हो, तो रियल-टाइम इमरजेंसी अपडेट भी जारी किए जाएंगे।

सोशल मीडिया के साथ अब रेडियो पर भी मिलेगा ट्रैफिक अपडेट

सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि यह सेवा सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में

ऑल इंडिया रेडियो, विभिन्न एफएम चैनलों पर भी ट्रैफिक बुलेटिन प्रसारित किए जाएंगे, ताकि मोबाइल या इंटरनेट न होने पर भी लोग अपडेट प्राप्त कर सकें। यह कदम खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो नियमित रूप से गाड़ी चलाते हैं तथा रेडियो सुनते हैं।

सिलीगुड़ी ट्रैफिक ऑफिशियल पेज करें फॉलो

ट्रैफिक विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज सिलीगुड़ी ट्रैफिक ऑफिशियल को फॉलो करें, ताकि उन्हें तुरंत और विश्वसनीय जानकारी मिल सके।

साथ ही, विभाग ने यह भी कहा है कि इस सेवा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नागरिक अपने सुझाव और फीडबैक भेजें, ताकि शहर की ट्रैफिक प्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके।

शहर के लिए क्यों है महत्वपूर्ण यह पहल?

सिलीगुड़ी उत्तर बंगाल का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां रोज हजारों वाहन चलते हैं। शहर में बाजार क्षेत्रों में भीड़, स्कूल-ऑफिस टाइम, निर्माण कार्य और त्योहारों के दौरान ट्रैफिक जाम आम बात है। नए ट्रैफिक बुलेटिन से यात्रियों को सही समय पर सही मार्ग चुनने में मदद मिलेगी, जिससे शहर में जाम कम होगा और सड़क सुरक्षा भी बढ़ेगी। सिलीगुड़ी पुलिस की यह पहल स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह व्यवस्था कितनी तेजी से लोगों के रोजमर्रा के जीवन में बदलाव लाती है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in