नागराकाटा: मानसून के दौरान डुआर्स क्षेत्र की नदियों से बालू और पत्थर खनन पर प्रशासन द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद अवैध खनन की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में मालबाजार थाना पुलिस ने गुरुवार को उदलाबाड़ी क्षेत्र की घिस नदी में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही बालू ले जा रहे ट्रॉली सहित ट्रैक्टर का चालक वाहन लेकर नदी पार करने की कोशिश करने लगा, लेकिन ट्रैक्टर पानी के बीच में फंस गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद नदी में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकाला और उसे जब्त कर मालबाजार थाने ले गई । पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान नदियों से अवैध बालू और पत्थर खनन रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।