पुलिस ने की थेफ्ट अलार्म सिस्टम की कवायद

एटीएम ,आभूषण भंडार व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में लगेगा अलार्म सिस्टम, पुलिस चौकी व थानों के सर्वर से जुड़ा रहेगा, चोरी के प्रयास पर कर देगा अलर्ट, त्वरित हो सकेगी कार्रवाई
पुलिस ने की थेफ्ट अलार्म सिस्टम की कवायद
Published on

सिलीगुड़ी ः शहर में दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही चोरी की वारदातों की रोकथाम हेतु सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और एटीएम में थेफ्ट अलार्म सिस्टम लगाए जाने की कवायद की है। इसका नए सिरे से शुभारंभ बुधवार को सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत पानीटंकी आउटपोस्ट में किया गया। डिप्टी पुलिस कमिश्नर राकेश सिंह ने इस सिस्टम का औपचारिक उद्घाटन किया।

उन्होंने बताया कि पहलेपहल इस प्रणाली का सर्वर पानीटंकी आउटपोस्ट में स्थापित किया गया है। क्योंकि, इस क्षेत्र में ही सबसे ज्यादा व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इस प्रणाली को स्थापित करने हेतु मालदा की एक निजी संस्था काम कर रही है। यहां 100 अलार्म को जोड़ने के लिए एक सर्वर स्थापित किया गया है। यह ज्ञात है कि अलार्म स्विच मुख्य रूप से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और एटीएम में स्थापित किया जाएगा। हालांकि, व्यवसायियों को अपने खर्च पर यह प्रणाली स्थापित करनी होगी। अगर कोई बदमाश किसी दुकान पर हमला करता है, तो वहां का स्विच दब जाएगा और चौकी या पुलिस स्टेशन पर सायरन बज जाएगा। इसके साथ ही पुलिस स्टेशन में चौकी पर स्थापित सर्वर के साथ मॉनिटर दुकान का नाम, पता और मोबाइल नंबर के साथ-साथ मालिक का नाम भी दिखाएगा। तब, पुलिस तुरंत एक्शन ले सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि, व्यापारियों को इस उपकरण व सिस्टम के बारे में जागरूक किया जाएगा ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। इससे कम समय में अपराध पर अंकुश लगाना संभव होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक व्यापारियों को यह स्पष्ट रूप से नहीं बताया है कि इस उपकरण को लगवाने के लिए उन्हें कितनी राशि देनी होगी। इस दिन उपरोक्त उद्घाटन उपलक्ष्य में असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर रॉबिन थापा, सिलीगुड़ी थाना के आईसी प्रसेनजीत विश्वास, पानीटंकी पुलिस आउटपोस्ट के ओसी व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in