कर्सियांग में अंतिम संस्कार से लौट रही पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त, 14-18 घायल

दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करते स्थानीय लोग
दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करते स्थानीय लोग
Published on

कर्सियांग: कर्सियांग में अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप वैन बुधवार दोपहर नायाबस्ती के मुख्य ठारो गोलाई के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक समेत एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी की मौत की सूचना नहीं थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्सियांग पार्क लोकेशन निवासी व्यापारी समुदाय के सदस्य रिन्टु गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोगों से भरी पिकअप वैन मुर्दाहट्टी से नीचे उतरने के बाद हनुमान टप मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और नायाबस्ती स्थित मुख्य ठारो गोलाई के पास सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में घायल एवं प्रत्यक्षदर्शी कर्सियांग निवासी विक्रम प्रसाद ने बताया कि वह भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर उसी पिकअप वैन से लौट रहे थे। उनके अनुसार, वाहन की डाला समेत उसमें करीब 14 से 18 लोग सवार थे। मुर्दाहट्टी से नीचे उतरने के बाद हनुमान टप मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और मुख्य ठारो गोलाई में पलट गया। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में कुछ के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि कुछ के हाथ और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। अन्य घायलों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।

बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल करीब चार-पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद कर्सियांग अस्पताल से उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित सिलीगुड़ी के विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया। घायलों को सिलीगुड़ी ले जाने में कर्सियांग अस्पताल की एम्बुलेंस के साथ-साथ कर्सियांग में मौजूद एनएफ रेलवे की एम्बुलेंस ने भी सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर वाहन के ब्रेक नहीं लगने अथवा ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता संबंधित विभाग की जांच के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनास्थल का मुख्य ठारो गोलाई काफी जोखिमपूर्ण है। उन्होंने यहां सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in