35वीं फूलपाती शोभायात्रा में नेपाली संस्कृति और परंपरा की दिखी भव्य झलक

Phoolpati shobhayatra
Phoolpati shobhayatra
Published on: 

सिलीगुड़ी : नेपाली समुदाय के पारंपरिक पर्व फूलपाती के अवसर पर शनिवार को सिलीगुड़ी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रधाननगर के गुरुंगबस्ती स्थित भानुभक्त समिति की ओर से आयोजित 35वें सिलिगुड़ी फूलपाती शोभायात्रा उत्सव में नेपाली समुदाय की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा को खास आकर्षण प्रदान किया।35वें सिलिगुड़ी फूलपाती शोभायात्रा उत्सव एवं सार्वजनिक श्री श्री श्री दुर्गापूजा के तहत आयोजित यह शोभायात्रा रविरत्न बालिका विद्यालय के मैदान से शुरू हुई। इसके बाद शोभायात्रा हिलकार्ट रोड और हाशमी चौक से होकर गुजरी।रास्ते में पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों और सांस्कृतिक झलकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे आयोजन में नेपाली समुदाय की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान की झलक देखने को मिली। नेपाली समुदाय के प्रमुख त्योहार दसईं (दशैं) में फूलपाती का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व आस्था, परंपरा और मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा हुआ है। फूलपाती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के माध्यम से समुदाय के लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।भानुभक्त समिति के आयोजन ने सिलीगुड़ी की बहुसांस्कृतिक पहचान को भी रेखांकित किया। विभिन्न समुदायों की परंपराओं और त्योहारों से सजा शहर एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक विविधता के रंग में रंगा नजर आया। 35वें वर्ष में आयोजित इस उत्सव ने नेपाली समुदाय की एकजुटता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव को सामने रखा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in