आधार सुधार और नए पंजीकरण के लिए लोगों की परेशानी बढ़ी

आधार केंद्र के बाहर कतार में खड़े लोग
आधार केंद्र के बाहर कतार में खड़े लोग
Published on

इस्लामपुर: आधार कार्ड में नए पंजीकरण और सुधार कराने को लेकर इस्लामपुर सबडिवीजन के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह तड़के 3:30 बजे से ही न्यूटाउन के पास जेलखाना चौराहे स्थित एक निजी बैंक के आधार केंद्र के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई। चोपड़ा, इस्लामपुर, ग्वालपोखर -1 और ग्वालपोखर -2 ब्लॉक से आए सैकड़ों लोग आधार सेवा के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। सुबह 8 बजे तक कतार करीब 200 मीटर और बाद में बढ़कर लगभग 500 मीटर तक पहुंच गई। तेज धूप के बीच बुजुर्ग, बीमार लोग और छोटे बच्चों को लेकर पहुंचे परिवार भी लंबे समय तक लाइन में खड़े रहे। लोगों का आरोप है कि चोपड़ा, रामगंज और ग्वालपोखर क्षेत्रों में कई आधार सेवा केंद्र बंद होने के कारण इस्लामपुर के कुछ ही केंद्रों पर अत्यधिक दबाव बढ़ गया है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिक आधार सेवा केंद्र खोले जाएं। मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरजीत सेन ने सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए, जबकि इस्लामपुर विधायक कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए वह इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे और अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का प्रयास करेंगे। इस्लामपुर के एसडीओ सौमेंद्र धुतराज ने बताया कि प्रशासन के संज्ञान में मामला आया है और लोगों की सुविधा बढ़ाने के लिए कदम उठाने पर विचार किया जा रहा है। वहीं, निजी बैंक के आधार केंद्र अधिकारियों ने कहा कि आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग आने के कारण भीड़ बढ़ रही है, लेकिन सभी को सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in