पटाखों पर प्रतिबंध के उल्लंघन को लेकर पीएफए सख्त

पटाखों पर प्रतिबंध के उल्लंघन को लेकर पीएफए सख्त
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम में पटाखों पर लागू पूर्ण प्रतिबंध के लगातार उल्लंघन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए), सिक्किम ने मंगलवार को गान्तोक स्थित सदर पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई और त्योहारों के दौरान कड़ी निगरानी की मांग की है।

पीएफए ने अपनी शिकायत में कहा है कि पटाखों पर प्रतिबंध को लेकर प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी होने के बावजूद हाल के दिनों में लापरवाही से पटाखे फोड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के कारण एमजी मार्ग पर एक पेड़ में आग लगने तथा नामची जिला अस्पताल में आग लगने जैसी गंभीर घटनाएं हुई हैं। इससे मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों, नवजात शिशुओं और बेजुबान पशु-पक्षियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है।

संगठन ने अपनी शिकायत में पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों का हवाला देते हुए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीएफए ने कथित उल्लंघनों के समर्थन में वीडियो और फोटोग्राफिक साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं।

पीएफए ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन की ओर से प्रभावी गश्त, कड़ी निगरानी और प्रतिबंध के उल्लंघन को रोकने के लिए आवश्यक निवारक कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन सिक्किम उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने और जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने के लिए बाध्य होगा।

संगठन ने त्योहारों के दौरान आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों, अस्पतालों में भर्ती मरीजों और पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News