अलीपुरदुआर : भारत भूटान सीमावर्ती क्षेत्रम में वन्य प्राणी देहांस तस्करी की एक बड़ी योजना को नाकाम कर वन विभाग ने अंतरराज्यीय पैंगोलिन के स्केल तस्करी से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर जलदापाड़ा वन्यजीव प्रभाग की साउथ रेंज टीम ने सटीक योजना बनाकर अलीपुरदुआर जिले के सोनापुर जयगांव रोड पर अभियान चलाया और मौके से तीन तस्करों को धर दबोचा। इस विशेष अभियान का नेतृत्व रेंज ऑफिसर राजीव चक्रवर्ती ने किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1.710 किलोग्राम पैंगोलिन के स्केल बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से रखा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मेघालय से पैंगोलिन के स्केल इकट्ठा कर उन्हें अन्य राज्यों में सप्लाई करने की फिराक में था।
वन विभाग के अनुसार, पैंगोलिन भारत में अत्यंत संरक्षित वन्य प्रजातियों में शामिल है और इसके शिकार, संग्रह या व्यापार पर कड़ी कानूनी रोक है। बरामद स्केल अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका को भी बल देते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असम के दक्षिण सलमारा मानकाचर जिले के साहजान अली, कूचबिहार जिले के दिनहाटा क्षेत्र के सुरजीत दास और मुकुल रहमान के रूप में हुई है। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जलदापाड़ा के डीएफओ परवीन कासवान ने जानकारी दी है कि आरोपियों को आज अलीपुरदुआर अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज किया गया है।