नागराकाटा: विनाशकारी बाढ़ में मारे गए स्थानीय निवासियों, मवेशियों और जंगली जानवरों की आत्मा की शांति के लिए बामनडांगा चाय बागान के मॉडल विलेज में गीता पाठ का आयोजन किया गया। डुआर्स सनातन जागरण मंच की पहल पर यह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। गीता पाठ के साथ-साथ गायत्री मंत्र पाठ और पूजा-अर्चना का भी आयोजन हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि 5 अक्टूबर को आई भीषण बाढ़ में मॉडल विलेज से बहकर 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा असंख्य मवेशी भी बाढ़ की चपेट में आ गए थे। पास के गोरुमारा जंगल से कई हिरण और सांभर भी बहकर मारे गए थे। कार्यक्रम में मृतकों के परिजन भी शामिल हुए। आयोजकों की ओर से नारायण भारद्वाज ने कहा कि सभी मृतकों की आत्मा की चिरशांति के लिए यह कार्यक्रम रखा गया था । हमने भगवान से यह भी प्रार्थना की है कि ऐसा भयावह हादसा फिर कभी न हो।बामनडांगा की निवासी लिली कूजूर ने कहा, उस दर्दनाक घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी लोग अब तक सामान्य नहीं हो पाए हैं। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम लोगों के मन में कुछ हद तक शांति लौटाने में सहायक होगा, ऐसा हमें विश्वास है।