विश्व विज्ञान दिवस पर नॉर्थ बंगाल साइंस सेंटर में विद्यार्थियों ने सीखे विज्ञान के गुर

विश्व विज्ञान दिवस पर नॉर्थ बंगाल साइंस सेंटर में विद्यार्थियों ने सीखे विज्ञान के गुर
Published on: 

सिलीगुड़ी : विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और जिज्ञासा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को माटीगाड़ा स्थित नॉर्थ बंगाल साइंस सेंटर में विश्व विज्ञान दिवस और अंतरराष्ट्रीय विज्ञान केंद्र एवं विज्ञान संग्रहालय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए दिनभर विभिन्न शैक्षणिक और रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नॉर्थ बंगाल साइंस सेंटर के सेंटर हेड डॉ. राकेश मजूमदार के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विश्व विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के बेहतर विकास के लिए वैज्ञानिक ज्ञान और नवाचारों का व्यावहारिक इस्तेमाल बेहद जरूरी है।

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए सेंटर के इनोवेशन हब में एसटीईएम वर्कशॉप आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विभिन्न प्रयोगों एवं गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान की बारीकियों को समझा।

इसके अलावा ग्लोबल क्लाइमेट चेंज विषय पर विज्ञान फिल्म दिखाई गई। वहीं, जैव विविधता और पर्यावरण पर आधारित ऑडियो-विजुअल क्विज का भी आयोजन हुआ। क्विज में सफल रहने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कृत किया गया।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और आगंतुकों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं संवादात्मक गतिविधियों की सराहना की। पूरे आयोजन का उद्देश्य युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने के साथ उन्हें प्रयोग और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News