

मिरिक: मिरिक महकमा अंतर्गत सीमावर्ती ओकेटी चाय बागान में दार्जिलिंग की विश्वप्रसिद्ध चाय की विशेष पहचान मानी जाने वाली ‘मूनलाइट टी’ तोड़ने का पारंपरिक उत्सव भव्य रूप से मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्णिमा की रात चांदनी के बीच चाय की कोमल पत्तियां तोड़ने का अनूठा आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर चाय बागान के निदेशक राजीव बैद्य, मुख्य प्रबंधक पंकज चौबे, सहायक प्रबंधकों, विशिष्ट अतिथियों तथा बड़ी संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति रही। पारंपरिक गोर्खाली वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने मादल और डम्फू की मधुर धुन पर नृत्य एवं संगीत प्रस्तुत कर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान पूर्णिमा की चांदनी में लकड़ियों से पारंपरिक मशाल (पुल्ठो) जलाकर पुराने अंदाज में चाय की कोमल पत्तियां तोड़ी गईं। इस अनूठे आयोजन ने चाय बागान की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और श्रमिकों के परिश्रम का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।