CWBTA की उत्तर बंगाल इकाई गठित

- उत्तर बंगाल क्षेत्र के व्यापार और व्यापारी समुदाय की सामूहिक आवाज को बल देना है उद्देश्य - ''व्यापार को शक्ति देना, विकास को आगे बढ़ाना'' ध्येय के साथ व्यापार और व्यापारी समुदाय के हितों की रक्षा और विकास है लक्ष्य
CWBTA की उत्तर बंगाल इकाई गठित
Published on

सिलीगुड़ी : कंफेडेरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशन्स (सीडब्ल्यूबीटीए) की उत्तर बंगाल इकाई गठित हुई है। इसमें सर्वसम्मति से खोखन भट्टाचार्य को अध्यक्ष, शिव शंकर सरकार को कार्यकारी अध्यक्ष, उत्पल सरकार और सुब्रत साहा को उपाध्यक्ष, गोपाल खोरिया को महासचिव, करण सिंह जैन और प्रद्युम्न सिंह चौहान को संयुक्त सचिव, दीपक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष चयनित किया गया है। वहीं, गौरी शंकर गोयल, संजय शर्मा और संजय ढानोटी इस इकाई के सलाहकार बनाए गए हैं। सीडब्ल्यूबीटीए के प​श्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुशील पोद्दार ने इसकी घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2001 में स्थापित CWBTA पूरे पश्चिम बंगाल में लगभग 70 व्यापार संघों और 15 लाख से अधिक व्यापारियों एवं कारोबारियों का प्रतिनिधित्व करता है। यह संगठन कराधान, MSME, व्यापार में सहजता, बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, नियमों के अनुपालन और व्यापार विकास आदि की दिशा में कार्यरत है।

इसकी उत्तर बंगाल इकाई के अध्यक्ष खोखन भट्टाचार्य ने अपनी टीम समेत बुधवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कहा कि, उत्तर बंगाल क्षेत्र के व्यापार और व्यापारी समुदाय की सामूहिक आवाज को मजबूत करने के लिए ही CWBTA की उत्तर बंगाल इकाई गठित हुई है। पड़ोसी देश नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के प्रवेशद्वार के रूप में उत्तर बंगाल की रणनीतिक स्थिति व्यापार, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, MSME और सीमा-पार व्यापार में बड़े अवसर प्रदान करती है। CWBTA की उत्तर बंगाल इकाई क्षेत्रीय व्यापारिक मुद्दों को हल करने के लिए कोलकाता में CWBTA की केंद्रीय गवर्निंग बॉडी के साथ समन्वय क काम करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि, उत्तर बंगाल में कमर्शियल कोर्ट में केस फाइल करने की सीमा को 30 लाख रुपये से घटाकर 3 लाख रुपये करना ताकि छोटे व्यवसायों के लिए भी न्याय अधिक सुलभ हो, रुके हुए भुगतान के तेजी से समाधान के लिए पात्र व्यापारिक उद्यमों को MSMED अधिनियम के तहत MSME सुविधा परिषद के लाभ दिलवाना, उत्तर बंगाल के व्यापारियों के लिए अपील संबंधी समाधानों तक आसान पहुंच के लिए सिलीगुड़ी में GST अपीलीय न्यायाधिकरण की बेंच स्थापित करवाना, विवादों के त्वरित और किफायती समाधान, व्यापार-संघ-आधारित मध्यस्थता को वरीयता देना, ऑनलाइन बिजनेस प्लेटफॉर्मों और खुदरा व्यापार में बड़ी पूंजी वाली कंपनियों के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच पारंपरिक खुदरा विक्रेताओं की सुरक्षा और उनके लिए समान अवसर सुनिश्चित करवाना, छोटे और स्थानीय व्यापारियों के अस्तित्व और विकास का समर्थन करने के लिए सरकार द्वारा उचित कदम उठाना, आदि इस इकाई की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि, औद्योगिक पार्कों की तर्ज पर उत्तर बंगाल में एक समर्पित व्यापार और लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करना, जिसमें वेयरहाउसिंग, स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स और व्यापार से संबंधित अन्य सुविधाएं हों, विभिन्न व्यापार संघों द्वारा गुलमा में लॉजिस्टिक्स और ट्रेडिंग पार्क के लिए लंबे समय से लंबित प्रस्ताव को सरकार के सहयोग से आगे बढ़ाना, नियमों के पालन की प्रक्रिया को सरल बनाना और लॉजिस्टिक्स व बुनियादी ढांचे में सुधार करवाना, सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्रा​धिकरण (एसजेडीए) जैसे विकास निकायों में अनुभवी व्यवसायियों और व्यापार संघों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करवाना आदि इस इकाई का लक्ष्य है। इसका ध्येय है ''व्यापार को शक्ति देना, विकास को आगे बढ़ाना।''

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in