नागराकाटा: सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज VI जलविद्युत परियोजना की सुरंग में सोमवार रात हुए भीषण हादसे ने पूरे डुआर्स क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सुरंग के भीतर अचानक हुए धंसाव और संभावित गैस रिसाव के बाद मलबे में दबकर डुआर्स के नौ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिकों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही मेटेली और नागराकाटा के चाय बागान इलाकों में शोक का माहौल छा गया। जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी विनापानी ने बताया कि उत्तर बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक सिक्किम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। जिला प्रशासन की ओर से एक डीएसपी और एक डिप्टी मजिस्ट्रेट को मृतकों के परिजनों के साथ सिक्किम भेजा गया है। सिक्किम प्रशासन से प्राप्त जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में मेटेली ब्लॉक के किलकोट चाय बागान की 11 नंबर लाइन निवासी गब्रेल टिग्गा (30), शिव लोहार (18) और विकेश्वर उरांव (38) शामिल हैं। इसके अलावा इंडोंग चाय बागान के टंडू लाइन निवासी श्याम उरांव (31), नागेश्वरी चाय बागान निवासी अमितलाल गोरे (33) और आदेश उरांव की भी हादसे में मौत हुई है। वहीं नागराकाटा ब्लॉक के ग्रासमोड़ चाय बागान की दो नंबर लाइन निवासी आनंद टोप्पो, सुखानी बस्ती (मनमोहन धुरा) निवासी अर्जुन सौताल और सुलकापाड़ा निवासी बोलो उरांव भी इस हादसे का शिकार हुए हैं। किलकोट चाय बागान निवासी सिडिल खड़िया ने बताया कि उनके इलाके से 11 श्रमिक सिक्किम काम करने गए थे।
नागराकाटा विधायक पूना भेंगरा सिक्किम पहुंचे, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया
जानकारी अनुसार, हादसे के समय सुरंग के अंदर 19 श्रमिक, दो इंजीनियर और एनएचपीसी के छह कर्मचारी समेत कुल 27 लोग मौजूद थे। अचानक सुरंग का एक हिस्सा धंसने से यह दुर्घटना हुई। इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिक्किम पुलिस और अन्य बचाव दलों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद मेटेली और नागराकाटा के चाय बागान क्षेत्रों में शोक छाया हुआ है। मृतकों के परिजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि सिक्किम पहुंच चुके हैं। जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों के लिए लगातार समन्वय कर रहा है। नागराकाटा के विधायक पूना भेंगरा ने बताया कि मंत्री विशाल लामा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सिक्किम पहुंच चुका है और वे स्वयं भी वहां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी। विधायक ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और वे स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ हैं तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मेटेली ब्लॉक भाजपा नेता मजनुल हक ने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि सहायता के लिए एक वाहन और पंचायत प्रतिनिधि को घटनास्थल भेजा गया है तथा प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।