

कालिम्पोंग: राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर सेवोक से रंगपो तक रात के समय यातायात प्रतिबंध लागू किया जा रहा है। NHIDCL की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सेवोक कोरोनेशन ब्रिज से रंगपो तक 52.1 किलोमीटर लंबे सड़क खंड पर 13 नवंबर से रात्रिकालीन यातायात बंद रहेगा।
यह प्रतिबंध दो चरणों में लागू होगा। पहला चरण 13 नवंबर से 13 दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण 3 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा। दोनों चरणों के दौरान प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
NHIDCL के अनुसार, सड़क के पहाड़ी हिस्सों में ढलानों को सुरक्षित करने और भूस्खलन की आशंका कम करने के उद्देश्य से खुदाई एवं आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे। निर्माण कार्य के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
यह आदेश राष्ट्रीय राजमार्ग (भूमि एवं यातायात) अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। प्रतिबंध के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग, डायवर्जन और अन्य नियंत्रण व्यवस्था लागू कर सकेंगे।
NHIDCL ने वाहन चालकों और आम लोगों से निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधों का पालन करने तथा निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में सहयोग करने की अपील की है। यह अधिसूचना NHIDCL के पीएमयू-सिलीगुड़ी के उप महाप्रबंधक (परियोजना) शिवम सिंह की ओर से जारी की गई है।