

सिलीगुड़ी: हनीमून मनाने सिटोंग पहुंचे उत्तर दिनाजपुर के नवविवाहित दंपती की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब होमस्टे में बार्बिक्यू के दौरान अचानक आग भड़कने से नवविवाहिता निकिता साहा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना 13 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे की है। हादसे में निकिता के शरीर का करीब 50 फीसदी हिस्सा झुलसने की जानकारी अस्पताल सूत्रों से मिली है। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा निवासी सौविक दास अपनी नवविवाहिता पत्नी निकिता के साथ सिटोंग पहुंचे थे। दोनों ने वहां एक होमस्टे में ठहरने की व्यवस्था की थी। शाम को दंपती ने बार्बिक्यू करने की इच्छा जताई, जिसके बाद होमस्टे की ओर से इसकी व्यवस्था की गई। बार्बिक्यू के दौरान एक कर्मचारी आग बढ़ाने के लिए उसमें कोई तरल पदार्थ डाल रहा था। इसी दौरान अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और निकिता उसकी चपेट में आ गईं। पत्नी को बचाने की कोशिश में सौविक के हाथ में भी जलने की चोट लगी।हादसे के बाद निकिता को पहले स्थानीय प्राथमिक उपचार केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सिलीगुड़ी रेफर किया गया। परिवार के अनुसार, घटना के बाद करीब एक घंटे तक होमस्टे में रहने के बाद वे सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित आनंदलोक अस्पताल पहुंचे। बाद में निकिता को बेहतर इलाज के लिए desun अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
होमस्टे पर लापरवाही का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
.