सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में खुलेंगे जनऔषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी

Siliguri district hospital
Siliguri district hospital
Published on: 

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में अब जनऔषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी शुरू करने की तैयारी है। केंद्र सरकार की इन दोनों योजनाओं के माध्यम से मरीजों और आम लोगों को रियायती दरों पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। दोनों दवा केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के लिए रविवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम जिला अस्पताल पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. चंदन घोष के साथ अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। टीम ने कुछ खाली और लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं आ रहे भवनों को भी देखा, ताकि दोनों फार्मेसी के लिए उपयुक्त जगह का चयन किया जा सके।

जिला अस्पताल परिसर में पहले से ही न्याय मूल्य की दवा दुकान मौजूद है। हालांकि, आरोप है कि वहां मरीजों की जरूरत की सभी दवाएं हमेशा उपलब्ध नहीं रहती हैं। इस मुद्दे को लेकर रोगी कल्याण समिति की बैठकों में भी पहले कई बार चर्चा हो चुकी है। बावजूद इसके, स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने की शिकायत सामने आती रही है।अब जनऔषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है। इन केंद्रों पर विभिन्न प्रकार की जेनेरिक दवाएं अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराने की योजना है।

राज्य में सरकार बदलने के बाद जिला अस्पताल में न्याय मूल्य की दवा दुकान के अलावा केंद्र सरकार की इन दोनों योजनाओं के तहत नए दवा काउंटर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे मरीजों को कम कीमत पर आवश्यक जेनेरिक दवाएं मिलने की उम्मीद है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. चंदन घोष ने बताया कि दोनों योजनाओं के तहत फार्मेसी तैयार करने के लिए रविवार को अस्पताल परिसर में जगह का निरीक्षण किया गया है। अब उपयुक्त स्थान तय होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in