बारोबिशा हाई स्कूल में सांसद निधि से निर्मित नए कक्षा कक्ष का लोकार्पण

नए कक्षा कक्ष उद्घाटन करते सांसद मनोज तिग्गा व अन्य
नए कक्षा कक्ष उद्घाटन करते सांसद मनोज तिग्गा व अन्य
Published on

अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर जिले के बारोबिशा हाई स्कूल को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। अलीपुरदुआर के सांसद मनोज तिग्गा की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से निर्मित नए कक्षा कक्ष का शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस भवन के निर्माण में लगभग 22 लाख रुपये की लागत आई है। उद्घाटन समारोह में अलीपुरदुआर के सांसद मनोज तिग्गा, पश्चिम बंगाल सरकार के वन मंत्री एवं स्थानीय विधायक मनोज कुमार उरांव सहित कई जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद मनोज तिग्गा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नए कक्षा कक्ष के निर्माण से छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सांसद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया

सांसद ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सांसद निधि से इस कक्षा कक्ष का निर्माण कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। वन मंत्री मनोज कुमार उरांव ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है। नए कक्षा कक्ष के बनने से विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिलेगा और शिक्षण कार्य अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। विद्यालय प्रबंधन समिति और स्थानीय लोगों ने सांसद निधि से हुए इस विकास कार्य के लिए सांसद मनोज तिग्गा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से अतिरिक्त कक्षा कक्ष की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। इस सुविधा से छात्रों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नई सुविधा को लेकर खुशी जाहिर की और इसे विद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in