

सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मुख्य गेट के सामने टोटो की बेतरतीब पार्किंग अब बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। अस्पताल गेट से सटे एशियन हाईवे पर सड़क के दोनों ओर टोटो खड़े रहने और यात्रियों को बैठाने-उतारने के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर कोई निर्धारित टोटो स्टैंड नहीं होने के कारण चालक गेट के सामने ही सड़क किनारे टोटो की कतार लगाकर यात्रियों का इंतजार करते हैं। इससे सड़क का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो जाता है और मरीजों, उनके परिजनों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनती है जब जाम में मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। वहीं, एशियन हाईवे पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के बीच टोटो के अचानक सड़क पार करने या बीच सड़क पर रुक जाने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के गेट के पास ही ट्रैफिक पुलिस की बूथ मौजूद है। इसके बावजूद सड़क पर लंबे समय तक खड़े रहने वाले टोटो के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। लोगों की मांग है कि अस्पताल के आसपास नियमित ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने के साथ टोटो के लिए एक निर्धारित पार्किंग स्टैंड की व्यवस्था की जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मामले में मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डीसी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा मामले को देखा जा रहा है।