

संवाददाता, गंगटोक : सिक्किम एडवेंचर टूरिज्म फेस्टिवल-2026 के तहत रविवार को नाथांग घाटी में ‘वाइब्रेंट विलेज मैराथन’ का आयोजन किया गया। ‘प्रकृति के बीच दौड़ें, हिमालय के बीच दौड़ें’ थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए धावकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ खेल भावना और शारीरिक सहनशक्ति को प्रोत्साहित करना था।
पर्यटन विभाग ने स्पोर्टिव के सहयोग से मैराथन का आयोजन किया। प्रतियोगिता में 21, 10 और 5 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई थीं। दौड़ का प्रारंभ और समापन नाथांग गांव के खेल मैदान में हुआ। मार्ग नाथांग से कुपुप की ओर 10.5 किलोमीटर के लूप पर निर्धारित था। इसमें ऊंचाई वाली चढ़ाई और ढलान वाले रास्ते शामिल थे। समुद्र तल से लगभग 3,778 मीटर की ऊंचाई से शुरू हुआ मार्ग अधिकतम 4,097 मीटर तक पहुंचा और इसमें करीब 480 मीटर की कुल चढ़ाई थी। 21 किलोमीटर के धावकों ने इस लूप के दो चक्कर पूरे किए।
प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मार्ग में 2.5, 5, 7, 9 और 10.5 किलोमीटर पर जलपान केंद्र बनाए गए थे। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 63वीं बटालियन ने जलपान और आवश्यक सहयोग दिया। पूरे मार्ग पर चिकित्सा सहायता तथा आयोजन स्थल पर मेडिकल यूनिट की व्यवस्था रही।
समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रमुख विजेता
* 21 किमी पुरुष: गंगा हांग सुब्बा, समीर राई, तेनजिंग नामग्याल
* 21 किमी महिला: मीना कुमारी सुब्बा, सृजना छेत्री, लाकी शेर्पा
* 21 किमी वरिष्ठ वर्ग: अनूप जेबी
* 10 किमी पुरुष: सुजित तामांग, सोनम पालदेन लेप्चा, पेम्पा शेर्पा
* 10 किमी महिला: राधिका लेप्चा, चुंगमित लेप्चा, पवित्रा
* 5 किमी पुरुष: पीटर सांगय लेप्चा, विग्नेश एनके, रोहित छेत्री
* 5 किमी महिला: प्रियदर्शिनी जेबी, स्मिता पांडे, पेमा शेर्पा
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।