

सिलीगुड़ी : शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शहर के प्रमुख चौराहों और दुर्घटना संभावित इलाकों में नियमित नाका चेकिंग की जा रही है। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सड़क हादसों के प्रमुख कारणों में नशे में वाहन चलाना भी शामिल है। शराब के नशे में वाहन चलाने वाला चालक न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालता है, बल्कि राहगीरों और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी के लिए भी खतरा पैदा करता है। इसी को देखते हुए शहर के अलग-अलग हिस्सों में जांच अभियान लगातार जारी रखा गया है।
पुलिस की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक साधन का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में ड्राइविंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।