नक्सलबाड़ी के सातभैया इलाके में डेंगू का प्रकोप, जलजमाव से बढ़ी परेशानी

डेंगू से दो मरीज पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वे
Waterlogging in naxalbadi
Waterlogging in naxalbadi
Published on

सिलीगुड़ी : शहर से सटे नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के सातभैया इलाके में खराब जल निकासी व्यवस्था और नालियों के मुंह बंद होने के कारण हल्की बारिश में भी जगह-जगह पानी जमा हो रहा है। इसी जलजमाव के बीच डेंगू फैलने की आशंका बढ़ गई है। इलाके में दो लोगों के डेंगू पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ है।

स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को जिला स्तर से एक एंटोमोलॉजिस्ट सातभैया पहुंचे। उन्होंने डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के लिए इलाके में जल्द फॉगिंग कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने जमा पानी में लार्वानाशक दवा का छिड़काव भी शुरू कर दिया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि सातभैया इलाके में साल के अधिकांश समय जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि केवल सर्वे या दवा का छिड़काव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जमा गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करनी होगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को इलाके के 17 लोगों के रक्त के नमूने भी लिए हैं। आने वाले दिनों में घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर आवश्यकता पड़ने पर उनके रक्त के नमूने लिए जाएंगे। वहीं, नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत की प्रधान जयन्ती किरो ने बताया कि इलाके में जमीन से जुड़ी समस्या के कारण ड्रेन का आउटलेट नहीं बनाया जा सका है। उन्होंने कहा कि नई सरकार जल्द इस समस्या का समाधान करेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in