

यांगगांग : सिक्किम के नाम्ची जिले के अंतर्गत श्रीपताम गाग्योंग ग्राम प्रशासनिक इकाई में कृषि विभाग द्वारा सोमवार को करुंग कृषि कार्यालय में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण, टिकाऊ कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष डी. आर. गुरुङ, पंचायत सदस्य निमु लेप्चा, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), नामथांग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख इन्द्र प्रसाद शिवाकोटी, बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. हेमन्त घिमिरे, कृषि विकास अधिकारी फ्लोरेंज भूटिया, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधक (एटीएम) सुरेन्द्र लिम्बू तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुरेन्द्र लिम्बू के स्वागत संबोधन से हुई। कृषि विकास अधिकारी फ्लोरेंज भूटिया ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डालते हुए मिट्टी के स्वास्थ्य को बनाए रखने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने किसानों को समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) और समेकित पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम) की जानकारी देते हुए बताया कि इन पद्धतियों से पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और टिकाऊ फसल उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं, जैव उर्वरकों और किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले कृषि संसाधनों के बारे में भी जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र, नामथांग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख इन्द्र प्रसाद शिवाकोटी ने किसानों तक वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को पहुंचाने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में केंद्र की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संसाधनों के कुशल उपयोग तथा वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन उपायों से कृषि उत्पादकता बढ़ाने और दीर्घकालीन कृषि स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायता मिल सकती है।
बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. हेमन्त घिमिरे ने किसानों के हित में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों के साथ संवाद भी किया और कृषि पद्धतियों तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित उनके सवालों और शंकाओं का समाधान किया।पंचायत अध्यक्ष डी. आर. गुरुङ ने किसानों से कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन मार्केटिंग सहायक तार छिरिंग लेप्चा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद किसानों के बीच कृषि संसाधनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन मार्केटिंग सहायक सुक रानी लिम्बू ने किया।