मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग को मातृ शोक

माता धनमाया तामांग का 87 वर्ष की उम्र में निधन, राजनीतिक दलों व संगठनों ने ने जताया शोक
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग को मातृ शोक
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तामांग की माता श्रीमती धनमाया तामांग का बुधवार अपराह्न करीब 4 बजे 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह सोरेङ जिले के सिङलिङ निवासी स्वर्गीय कालुसिंह तामांग की धर्मपत्नी थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती तामांग पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ थीं और सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।

उनके निधन पर सत्तारूढ़ सिक्किम क्रान्तिकारी मोर्चा (एसकेएम) पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तामांग की माता के निधन पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव विकास बस्नेत ने शोक संदेश जारी कर संवेदना प्रकट की है।

इसी प्रकार, विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) ने भी श्रीमती तामाङ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बर राई ने शोक संदेश जारी कर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

वहीं, जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ सिक्किम (जेयूएस) ने भी दिवंगत श्रीमती तामाङ के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। जेयूएस अध्यक्ष प्रवीण खालिंग ने मुख्यमंत्री सहित पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की चिरशांति की कामना की।

श्रीमती धनमाया तामांग अपने पीछे चार बेटे, तीन बेटियां तथा नाती-पोते और पड़नाती-पड़नातियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News