मुख्यमंत्री ने जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के व्यक्तिगत मुकाबलों का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के व्यक्तिगत मुकाबलों का किया उद्घाटन
Published on: 

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने रविवार को गंगटोक स्थित पालजोर स्टेडियम के इंडोर बैडमिंटन हॉल में योनेक्स-सनराइज 49वीं अंतरराज्यीय, अंतरक्षेत्रीय एवं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के व्यक्तिगत मुकाबलों का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं अतिथियों का सिक्किम में स्वागत किया। उन्होंने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी को राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर सिक्किम की पहचान और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राज्य में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के अध्यक्ष जैकब खालिंग ने स्वागत संबोधन में बताया कि प्रतियोगिता में देश के सभी 28 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 460 खिलाड़ियों सहित करीब 600 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने खेल भावना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ ली। इस अवसर पर नॉर्थ सिक्किम अकादमी, मंगन के विद्यार्थियों ने ‘थ्री रूट्स, वन सोल’ शीर्षक से सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री पिन्छो नामग्याल लेप्चा, मुख्य सचिव आर. तेलांग सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बैडमिंटन संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News