

कालियागंज : उत्तर दिनाजपुर जिला के कालियागंज शहर के साहा पाड़ा की मोनालिसा साहा ने 'योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप-2025' वर्ल्ड कप योगा में दो इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए दो गोल्ड मेडल जीत कर अपना, अपने परिवार, शहर व राज्य का नाम रोशन किया है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में गत 27 दिसंबर को यूनाइटेड काउंसिल ऑफ मार्शल आर्ट्स, योगा एंड पोले फेडरेशन की ओर से आयोजित उपरोक्त चैम्पियनशिप में उसने यह उपलब्धि हासिल की। मोनालिसा साहा को योगासन वर्ल्ड कप की अध्यक्षा नीलांजना सरकार ने चैम्पियन के खिताब से सम्मानित किया। इस योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत समेत कुल 15 देशों के प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। उनमें चैम्पियन होने की मोनालिसा की इस उपलब्धि से उसके परिवार के साथ ही साथ पूरा कालियागंज शहर गौरवान्वित है।
कालियागंज की बेटी मोनालिसा साहा की इस शानदार उपलब्धि पर कालियागंज नगर पालिका के अध्यक्ष विश्वजीत कुंडू ने मोनालिसा को बधाई दी और कहा कि, 'मैं गोल्डेन गर्ल मोनालिसा को कालियागंज का नाम देश-दुनिया में रोशन करने के लिए बधाई देता हूं।' कालियागंज पंचायत समिति के सभापति हिरणमय सरकार ने भी मोनालिसा को बधाई दी है। वहीं, मोनालिसा के पिता सुकेश साहा ने कहा कि, मोनालिसा को बचपन से ही योग में काफी रुचि है। उसका सपना योग में कुछ कर दिखाने का था। वह उसमें कामयाब हुई। उसकी इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से हम बहुत गौरवान्वित हैं। मोनालिसा की मां साधना साहा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, चूंकि वह खुद कभी योग से जुड़ी थीं, इसलिए वह मोनालिसा को शुरुआती योग की ट्रेनिंग देती थीं। एक मां के तौर पर उनका सपना था कि वह अपनी बेटी मोनालिसा को योग में कुछ बेहतर कराएं। आज वह सपना पूरा हुआ।
मोनालिसा ने बताया कि, उसने योग हैंड बैलेंसिंग और ट्रेडिशनल योगा में में पहला स्थान हासिल करके गोल्ड मेडल जीता। रायगंज योगा एकेडमी से वहां के प्रमुख अरूप साहा के मार्गदर्शन में योग का प्रशिक्षण लिया। यह जीत उसके योग कोच अरूप साहा के खास प्रशिक्षण के बिना मुमकिन नहीं थी। मोनालिसा ने यह भी बताया कि, उनके कोच के अलावा, जिन्होंने आज तक उनकी सफलता में हमेशा उसका साथ दिया है, वे उसके माता-पिता हैं। मोनालिसा ने यह भी कहा कि, इस नई उपलब्धि ने उसमें ऊर्जा व उत्साह का संचार किया है। आगे और भी बड़ी-बड़ी उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, शहर व राज्य का नाम रोशन करने को वह तन-मन-धन से समर्पित रहेगी।