छठ घाटों की तैयारियों का विधायक शिखा चटर्जी ने लिया जायजा

छठ घाटों की तैयारियों का विधायक शिखा चटर्जी ने लिया जायजा
Published on: 

सिलीगुड़ी : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विधायक शिखा चटर्जी ने शहर के वार्ड नंबर 42, 43 और 44 में छठ पूजा के लिए प्रस्तावित घाटों और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों को घाटों की साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान राम जानकी छठ सेवा समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय वार्ड को-ऑर्डिनेटर ने भी विधायक के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि छठ पूजा की तैयारियों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। विशेषकर घाटों की सफाई, रास्तों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि व्रतियों और उनके परिजनों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस मौके पर शिखा चटर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि छठ जैसे आस्था के महापर्व के दौरान घाटों की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

विधायक ने समिति के सदस्यों और स्थानीय प्रतिनिधियों से भी आपसी समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News